Crime monitoring in Dhanbad: अपराधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए धनबाद पुलिस ने बनाया नया सर्विलांस प्लान

2 Min Read

Crime monitoring in Dhanbad

धनबाद। धनबाद पुलिस ने जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। जनवरी 2026 की मासिक अपराध समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 950 सक्रिय अपराधियों को सख्त सर्विलांस में रखा जाएगा, जबकि पिछले पांच वर्षों में जमानत पर बाहर आए करीब 4000 संदिग्धों की 24 घंटे तकनीकी निगरानी की जाएगी। पुलिस इनकी मोबाइल कॉल और गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगी।

पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने क्या निर्देश दिए

पुलिस मुख्यालय सभागार में आयोजित क्राइम मीटिंग में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निगरानी सूची में शामिल कोई भी व्यक्ति यदि दोबारा अपराध में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तुरंत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में जनवरी महीने के अपराध आंकड़ों की समीक्षा भी की गई। जिले में 522 नए मामले दर्ज हुए, जबकि पुलिस ने 625 मामलों का निष्पादन किया। इससे लंबित मामलों की संख्या घटकर लगभग 2000 रह गई है। एसएसपी ने इसे सक्रिय पुलिसिंग और बेहतर जांच का परिणाम बताया।

वारंट और कुर्की मामलों पर सख्त निर्देश

एसएसपी ने लंबित वारंट और कुर्की मामलों के निष्पादन के लिए एक सप्ताह की समयसीमा तय की और सभी थाना प्रभारियों को इसे प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश दिया।

नगर निकाय चुनाव और सड़क सुरक्षा पर फोकस

आगामी नगर निकाय चुनाव को देखते हुए पुलिस को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, हुड़दंग और संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जीटी रोड पर सड़क हादसों को रोकने के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया गया है।

Share This Article