Jharkhand weather update:
रांची। झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में गुरुवार को हल्के बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि बारिश के आसार नहीं हैं। बादल छंटने के बाद ठंड में थोड़ी बढ़ोतरी महसूस की जा सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ रहा है। एक विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद पश्चिमोत्तर हिस्से में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में फिर बदलाव संभव है।
24 घंटे में कई जिलों का पारा 10 डिग्री से नीचे
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। गुमला में सबसे कम 6.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि रांची का न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री रहा। गुमला, हजारीबाग, लोहरदगा, सिमडेगा और मेदिनीनगर में सुबह और देर रात ठंड का असर अब भी बना हुआ है।
दोपहर में गर्मी का एहसास
दूसरी ओर, दोपहर के समय तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। रांची, जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, देवघर और गोड्डा सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। धूप तेज होने के कारण लोगों को दिन में हल्की गर्मी महसूस हो रही है और स्वेटर की जरूरत कम पड़ रही है।
पठारी और जंगल क्षेत्रों में सर्दी कायम
मौसम विभाग के अनुसार गुमला, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, रांची, हजारीबाग और रामगढ़ जैसे जंगल और पठारी इलाकों में सुबह-शाम ठंड का असर अभी भी बना रहेगा। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।कुल मिलाकर झारखंड में मौसम धीरे-धीरे बदल रहा है, जहां दिन में गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है।
