Census 2026: झारखंड में अप्रैल से शुरू होगी जनगणना, पहले मकानों की गिनती फिर लोगों की

2 Min Read

Census 2026

रांची। अगले साल अप्रैल से झारखंड में जनगणना (Census 2026) का काम शुरू हो जाएगा। जिला सांख्यिकी विभाग ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। केंद्रीय सरकार ने झारखंड के सभी जिलों में जनगणना की रूपरेखा भेज दी है। इसके अनुसार जनगणना दो चरणों में होगी पहले मकानों की गिनती की जाएगी और फिर प्रत्येक मकान में रहने वाले लोगों की संख्या दर्ज की जाएगी।

सभी जिलों में मास्टर ट्रेनरों की तलाश शुरू

सभी जिलों में मास्टर ट्रेनरों की तलाश शुरू हो गई है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और कोल्हान के जिलों में मास्टर ट्रेनरों की सूची तैयार की जा रही है। प्रत्येक जिले से चार मास्टर ट्रेनर — जिनमें दो बीडीओ, एक कार्यपालक दंडाधिकारी और एक सहायक नगर आयुक्त शामिल होंगे रांची भेजे जाएंगे। रांची में इन्हें जनगणना की ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसके बाद वे अपने जिलों में प्रगणक और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षित करेंगे।

प्रगणकों की तैनाती 800 लोगों की आबादी पर एक प्रगणक और छह प्रगणक पर एक सुपरवाइजर के अनुसार होगी। सुपरवाइजरों की टीम का नेतृत्व चार्ज अधिकारी (बीडीओ) करेंगे। अधिकतर प्रगणक अध्यापक-अध्यापिकाएं और सुपरवाइजर क्लर्क या अन्य प्रशासनिक कर्मचारी होंगे। जिला अधिकारियों के अनुसार ट्रेनिंग की तारीख मास्टर ट्रेनरों की सूची आने के बाद तय की जाएगी। जनगणना की यह प्रक्रिया प्रशासनिक निगरानी में पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपन्न कराई जाएगी।

Share This Article