Jharkhand budget 2026
रांची। झारखंड सरकार की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों से बजट के लिए सुझाव मांगा है। उन्होंने कहा कि राज्य का बजट हमेशा जनभावनाओं के अनुरूप हो, यही अबुआ सरकार की प्राथमिक कोशिश है। वे आज रांची में आयोजित बजट-पूर्व गोष्ठी बैठक में शामिल हुए, जहां उन्होंने आगामी अबुआ बजट को लेकर सरकार की मंशा स्पष्ट की।
जनता की उम्मीदों का प्रतिबिंब बने बजट
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी अबुआ बजट के लिए झारखंडवासियों से सुझाव मांगे गए हैं, ताकि बजट आम लोगों की जरूरतों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि बजट सिर्फ आंकड़ों का दस्तावेज न बने, बल्कि वह जनता की आवाज और उम्मीदों को प्रतिबिंबित करे।
शिक्षा और कृषि पर विशेष जोर
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए शिक्षा और कृषि के क्षेत्रों को मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और रोजगार समेत हर क्षेत्र में संतुलित विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
आम लोगों का होगा अबुआ बजट
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला अबुआ बजट आम लोगों का बजट साबित हो, यही सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता से मिले सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा और उन्हें बजट में शामिल करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इस बजट-पूर्व गोष्ठी में राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विशेषज्ञ और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक के दौरान बजट से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।












