झारखंड BJP ने जारी किया पंचप्रण घोषणा पत्र, 500 रूपये गैस सिलेंडर का वादा [Jharkhand BJP releases five-point manifesto, promises Rs 500 gas cylinder]

3 Min Read

रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले राजनीतिक पार्टियां अपने घोषणा पत्र के साथ चुनावी रण में उतरने के लिए तैयार हो गई हैं। बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आज विधानसभा चुनाव के लिए पंचप्रण घोषणा पत्र जारी किया गया।

इसमें बीजेपी की ओर से युवाओं को पांच लाख रोजगार, 2 लाख 87 हजार सरकारी नौकरी, महिलाओं को 21 सौ रुपया महीना और 500 रुपये में गैस सिलेंडर (साल में दो मुफ्त सिलेंडर) देने का वादा किया गया है।

साथ ही ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट को हर महीने 2 हजार रुपये और हर झारखंड निवासी को पक्का मकान देने की घोषणा की गयी है।

बीजेपी द्वारा की गई पांच मुख्य घोषणाएं:

गोगो दीदी योजना:

इसके तहत हर झारखंडी महिला के बैंक खाते में हर महीने 2,100 रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि प्रत्येक महीने की 11 तारीख को हस्तांतरित की जाएगी, जिससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

लक्ष्मी जोहार योजना:

इस योजना के तहत राज्य के सभी परिवारों को 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, साल में दो मुफ्त सिलेंडर भी प्रदान किए जाएंगे।

सुनिश्चित रोजगार योजना:

बीजेपी ने अगले 5 सालों में 5 लाख स्वरोजगार के अवसर पैदा करने का वादा किया है। इसके अलावा, 2.87 लाख खाली सरकारी पदों को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से भरने का वादा भी किया गया है।

भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत पहली कैबिनेट बैठक में की जाएगी, जिसमें नवंबर 2025 तक 1.5 लाख भर्तियां पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

युवा साथी भत्ता योजना:

उन युवाओं के लिए, जो अपने करियर की शुरुआत में संघर्ष कर रहे हैं, बीजेपी स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों को दो साल तक हर महीने 2,000 रुपये का भत्ता देगी। यह राशि उनकी पढ़ाई और कोचिंग जैसी जरूरतों को पूरा करने में सहायक होगी।

घर साकार योजना:

बीजेपी ने झारखंड के हर नागरिक के लिए पक्के मकान का वादा किया है। इसके तहत प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 21 लाख घरों का निर्माण किया जाएगा और प्रत्येक घर के लिए ₹1 लाख की बढ़ी हुई सहायता प्रदान की जाएगी।

इसके अलावा, 2027 तक 59 लाख घरों में नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य भी तय किया गया है। घर निर्माण के लिए मुफ्त बालू उपलब्ध कराने का भी वादा किया गया है।

इसे भी पढ़ें

घोषणा पत्र की तैयारी में जुटी झारखंड कांग्रेस

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं