झारखंड बीजेपी का अध्यक्ष कौन? तय हो गया नाम, जातीय समीकरण भी सधेगा

2 Min Read

Jharkhand BJP president 2026

रांची। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में जिलाध्यक्षों के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। रविवार को प्रदेश कार्यालय में सभी नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों को सम्मानित भी किया गया।

भाजपा ने जिलों में प्रदेश प्रतिनिधि भी बनाए हैं। यही लोग प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन में मतदान करते हैं। केंद्रीय नेतृत्व ने जुएल उरांव को प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए पर्यवेक्षक बनाया है।

14 जनवरी यानी मकर संक्रांति के बाद जुएल उरांव रांची में प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू को पार्टी कमान सौंप देगी।

ओबीसी आबादी की भावना का ख्याल

प्रदेश अध्यक्ष के चयन में भाजपा राज्य में बड़ी ओबीसी आबादी की भावना का ध्यान रखेगी। इस समीकरण में भी आदित्य साहू फिट बैठते हैं। विधायक दल के नेता के तौर पर आदिवासी समाज से बाबूलाल मरांडी और ओबीसी प्रदेश अध्यक्ष की जोड़ी की परीक्षा आने वाले निकाय चुनाव में भी होगी।

जिलाध्यक्षों को दिये गये निर्देश

रविवार को प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों को आने वाले दिन में एसआईआर पर जनता के बीच जाकर पार्टी का पक्ष रखने की सलाह दी गई। राज्य की जनसंख्या में हो रहे परिवर्तन और इससे होने वाले खतरे को भी लोगों को बताने को कहा गया है।

घुसपैठ के मुद्दे को जीवंत रखना चाहती है भाजपा

राज्य के प्रशासनिक और राजनीतिक मुद्दों के अलावा भाजपा घुसपैठ के मुद्दे को जीवंत रखना चाहती है। इसके अलावा आने वाले निकाय चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं को लगाने के लिए भी जिलाध्यक्षों से कहा गया है।
जिलाध्यक्षों की बैठक को प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र त्रिपाठी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी संबोधित किया।

Share This Article