Jharkhand Assembly Winter Session:
रांची। झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही के दौरान हंगामा होता रहा। हंगामे ते बीच ही कई विधायी कार्य पूरे किये गये। इस दौरान राज्य सरकार की ओर से वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने 7,721 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया। इस दौरान बीजेपी के विधायक लगातार विरोध प्रदर्शन करते रहे।
इन सबके बीच सदन में 7,721 करोड़ का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश किया गया और इसके साथ ही सदन की कार्यवाही 9 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी गई।
दुबारा सदन शुरू होते ही हंगामाः
सुबह के स्थगन के बाद दोपहर 12:00 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, विपक्षी विधायक वेल में घुस गए और हंगामा और नारेबाजी करने लगे। हंगामा और नारेबाजी के बीच ही स्पीकर ने विधायकों से शून्य काल के प्रश्न लिए। उसके बाद ध्यान आकर्षण सूचनाओं पर भी चर्चा कराई और प्रभारी मंत्रियों से जवाब दिलवाया।
कल होगी अनुपूरक बजट पर चर्चाः
पूरी कार्यवाही के दौरान भाजपा विधायक जमकर ताली बजाते रहे नारेबाजी करते रहे और सदन चलता रहा। अंत में 12:45 बजे वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने 7721 करोड रुपए का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश किया। इसके साथ ही स्पीकर ने 9 दिसंबर तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। कल द्वितीय अनूपूरक पर सदन में तीन घंटे की चर्चा होगी।
