Jharkhand Assembly Winter Session:
रांची। झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सत्ता पक्ष की ओर से रणनीतिक बैठक आज दोपहर 2 बजे एटीआई में आयोजित की गई है। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे, जिसमें झामुमो, कांग्रेस, राजद और वाम दलों के विधायक शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में विपक्ष के सवालों का सामना करने और सदन में एकजुट होकर जवाब देने की रणनीति तैयार की जाएगी। झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने बताया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को सत्र के दौरान प्रमुखता से रखा जाएगा और विपक्ष को किसी भी मुद्दे पर हावी नहीं होने दिया जाएगा।
भाजपा शीतकालीन सत्र को लेकर अपनी तैयारियों में जुटी:
दूसरी ओर, भाजपा भी शीतकालीन सत्र को लेकर अपनी तैयारियों में जुट गई है। भाजपा विधायक दल की बैठक 7 दिसंबर को शाम 7 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी करेंगे। बैठक में सत्ता पक्ष को सदन में घेरने, जनहित से जुड़े मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाने और एक समन्वित विपक्षी रणनीति बनाने पर जोर रहने की संभावना है।
उधर, विधानसभा सत्र से पहले योजना एवं विकास विभाग में बुधवार को अनुपूरक बजट को लेकर समीक्षा बैठक हुई। सत्र की शुरुआत 5 दिसंबर से हो रही है, और सभी विभागों को अनुपूरक बजट के प्रस्ताव सदन में प्रस्तुत करने हैं। सचिव ने विभागों की तैयारियों की समीक्षा की और प्रस्तावित मांगों पर विस्तार से चर्चा की। शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले सत्ता और विपक्ष दोनों की सक्रियता इस ओर संकेत करती है कि आगामी सत्र में गर्मागर्म बहस, राजनीतिक टकराव और कई अहम मुद्दों पर तीखे सवाल-जवाब देखने को मिल सकते हैं।
