Jharkhand police ACP MACP
रांची। झारखंड पुलिस के 224 पुलिस पदाधिकारियों को एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (ACP) और मॉडिफाइड एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (MACP) योजना का लाभ प्रदान किया गया है। यह लाभ उन अधिकारियों को दिया गया है, जिन्होंने 12 से 30 वर्ष की सेवा अवधि पूरी कर ली है। इन पदाधिकारियों के नामों पर मुहर केंद्रीय चयन पर्षद सह-स्क्रीनिंग समिति की 16 और 21 मई 2025 को हुई महत्वपूर्ण बैठक में लगाई गई थी।
क्या क्या लाभ मिलेंगे?
इस योजना के तहत अधिकारियों को वित्तीय उत्क्रमण मिलेगा, जिसके आधार पर उनके वेतन का निर्धारण किया जाएगा। वेतन निर्धारण भारत सरकार की मौलिक नियमावली के नियम 22(1)(ए)(1) के अनुसार किया जाएगा, जिससे संबंधित कर्मियों को उच्च वेतनमान का लाभ मिल सकेगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो आदेश को निरस्त किया जा सकता है।
वहीं, यदि किसी पुलिस अधिकारी को पहले स्वीकृत ACP या MACP में संशोधन या रद्द होने के कारण अधिक भुगतान हुआ है, तो इस अतिरिक्त राशि की वसूली आगामी स्वीकृत वित्तीय लाभ से समायोजित की जाएगी। इस कदम से वित्तीय लेनदेन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।







