JEE Main results 2026
रांची। National Testing Agency (एनटीए) द्वारा जारी Joint Entrance Examination Main (जेईई मेन) 2026 सेशन-1 के परिणाम में रांची के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। सिमडेगा निवासी नैतिक शर्मा ने 99.9729 पर्सेंटाइल अंक प्राप्त कर शहर में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, शिवम कुमार सिंह ने 99.94 पर्सेंटाइल के साथ दूसरा और कुमार राजयोग ने 99.91 पर्सेंटाइल के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। परिणाम घोषित होते ही छात्रों के घरों में जश्न का माहौल बन गया। परिजनों और शिक्षकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय निरंतर मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
रांची में रहकर की तैयारी
सिमडेगा के रहने वाले नैतिक शर्मा 2023 में जेईई की तैयारी के लिए रांची आए थे। उन्होंने कक्षा 11 से ही नियमित अध्ययन शुरू कर दिया था। नैतिक ने बताया कि प्रतिदिन 5 से 7 घंटे की पढ़ाई और अधिक से अधिक प्रश्नों का अभ्यास उनकी सफलता का आधार रहा। उनका कहना है कि केवल थ्योरी पढ़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियमित मॉक टेस्ट देकर अपनी तैयारी का आकलन करना बेहद जरूरी है।
आत्मविश्वास बना सफलता की ताकत
कुमार राजयोग को पहले प्रयास में 99.5 पर्सेंटाइल मिला था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और स्कूल ड्रॉप लेकर दोबारा पूरी तैयारी की। उन्होंने 10वीं की परीक्षा संत थॉमस स्कूल, रांची से 99 प्रतिशत और 12वीं संत जेवियर्स स्कूल, डोरंडा से 97.2 प्रतिशत अंकों के साथ पास की थी। राजयोग प्रतिदिन 5-6 घंटे सेल्फ स्टडी करते थे और उनका मानना है कि नियमितता और दृढ़ निश्चय से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
अनुशासन और पारिवारिक सहयोग का योगदान
डीपीएस रांची के छात्र शिवम कुमार सिंह ने 99.94 पर्सेंटाइल हासिल किया। उन्होंने 10वीं से ही जेईई की तैयारी शुरू कर दी थी और 11वीं में कोचिंग ज्वाइन की। प्रतिदिन 5-7 घंटे की पढ़ाई और अनुशासित दिनचर्या को उन्होंने अपनी सफलता का मुख्य कारण बताया। शिवम ने यह भी कहा कि उनकी मां ने विशेष रूप से फिजिक्स विषय में मार्गदर्शन देकर उनका आत्मविश्वास बढ़ाया।












