जामताड़ा सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल भेजने वाले तमिलनाडु के व्यक्ति पर केस दर्ज

2 Min Read

Jamtara Civil Court bomb threat

जामताड़ा। जामताड़ा व्यवहार न्यायालय (सिविल कोर्ट) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल भेजा गया, जिसमें कोर्ट परिसर और जज के चेंबर को ड्रोन और साइनाइड गैस से भरे बमों से उड़ाने की बात कही गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर Ajitham kundumba@outlook.com नामक पते से धमकी भरा मेल आया। मेल भेजने वाले ने अपनी पहचान अजितम कुडुंमा, ‘एक्स तमिलनाडु रिट्रीवल ट्रूप कैडर’, ग्रेटर चेन्नई (तमिलनाडु) के रूप में बताई है।

मेल में क्या था?

आपको बता दें धमकी भरे ईमेल में लिखा गया है कि कोर्ट परिसर और जज के चेंबर में साइनाइड गैस से भरे 14 बम विस्फोट किए जाएंगे। इसके अलावा कुछ बम ड्रोन के जरिए गिराने की भी योजना बताई गई है। मेल में कहा गया है कि इस हमले का मकसद भारी जान-माल का नुकसान पहुंचाना है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

इस धमकी को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय में पदस्थापित एसआई उमेश सिंह ने जामताड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजितम कुडुंमा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जामताड़ा थाना कांड संख्या 30/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की विभिन्न धाराओं 55, 351(2), 351(3) और 351(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

साइबर सेल कर रही जांच

फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से ईमेल के आईपी एड्रेस और आरोपी की लोकेशन ट्रैक करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Share This Article