Jamtara voter found dead: जामताड़ा में वोट देने निकले युवक की खेत में मिली लाश, हत्या की आशंका

2 Min Read

Jamtara voter found dead

जामताड़ा। जामताड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक का शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुपाईडीह पंचायत भवन के समीप जोरिया (छोटी नदी) के पास स्थित खेत में मंगलवार शाम युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान जामताड़ा नगर पंचायत के नामुपाड़ा निवासी आनंद बाउरी के रूप में हुई है।

वोट देने के लिए घर से निकला था युवक

स्थानीय लोगों के अनुसार आनंद बाउरी वोट देने के लिए घर से निकला था। परिजनों ने बताया कि वह सोमवार सुबह करीब 11 बजे से लापता था। काफी खोजबीन के बाद शाम करीब 7 बजे उसका शव सुपाईडीह पंचायत भवन के पास जोरिया किनारे खेत में पड़ा मिला। राहगीरों ने पहले युवक को अचेत अवस्था में देखा। पास जाकर जांच करने पर उसकी मौत की पुष्टि हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों के अनुसार

ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मृतक के पैर में जले जैसा निशान दिखाई दे रहा था। घटनास्थल के पास बाइक के टायर के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है।

पुलिस की जांच शुरू

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है, दुर्घटना का या किसी अन्य कारण से मौत हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Share This Article