Coal mine accident Jamtara
जामताड़ा। झारखंड के जामताड़ा जिले में गुरुवार अहले सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। Nala थाना क्षेत्र के पालस्थली स्थित बंद पड़ी कोयला खदान में चाल (ऊपरी हिस्सा) धंसने से चार स्थानीय लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूत्रों के मुताबिक
सूत्रों के मुताबिक हादसा सुबह करीब 3:00 से 4:00 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि चारों व्यक्ति अवैध रूप से कोयला निकालने के उद्देश्य से बंद खदान में घुसे थे। इसी दौरान खदान का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया और वे मलबे के नीचे दब गए।
राहत-बचाव कार्य शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी चारों को बाहर निकाला गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।अब तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
इस मामले में स्थानीय पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं। घटना को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे घायलों की पहचान और पूरे घटनाक्रम को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।







