Draupadi Murmu
जमशेदपुर। जमशेदपुर 26 फरवरी को एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन का साक्षी बनेगा। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चैरिटेबल केंद्र के भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम में राज्य और केंद्र सरकार के शीर्ष नेतृत्व के साथ औद्योगिक जगत की प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहेंगी।
कई दिग्गज रहेंगे मंच पर उपस्थित
इस अवसर पर संतोष कुमार गंगवार, हेमंत सोरेन, धर्मेंद्र प्रधान, जोबा मांझी, विद्युत बरन महतो, सरयू राय और पूर्णिमा साहू मंच पर उपस्थित रहेंगे।
औद्योगिक जगत से टीवी नरेंद्रन (मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक, टाटा स्टील) भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने आयोजन स्थल पर मॉक ड्रिल और ड्राई रन किया है। उपायुक्त के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल की विस्तृत समीक्षा की। ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी एसके बेहेरा और अन्य सदस्य भी तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
निर्धारित समय-सारिणी
आगमन: राष्ट्रपति दोपहर 12:20 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगी।
भूमि पूजन: उनके कर-कमलों द्वारा मुख्य अनुष्ठान संपन्न होगा।
प्रस्थान: दोपहर 1:20 बजे प्रस्थान प्रस्तावित है।
विशेष व्यवस्था: कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं के लिए भव्य भोग (प्रसाद) की व्यवस्था की गई है।
100 करोड़ की लागत से बनेगा भव्य केंद्र
ट्रस्ट के अनुसार लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से 2.5 एकड़ भूमि में यह परियोजना विकसित की जाएगी। करीब 1.5 एकड़ क्षेत्र में 90 फीट ऊंचा मंदिर बनाया जाएगा, जो जगन्नाथ मंदिर की भव्य प्रतिकृति के रूप में तैयार होगा। आध्यात्मिक केंद्र को दो वर्षों में और मुख्य मंदिर को चार वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम
केंद्र में युवाओं के लिए 15 दिवसीय प्रशिक्षण, योग और व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। ट्रस्ट का दावा है कि यह परियोजना धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगी तथा युवाओं के चारित्रिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।







