Chutney Don arrested
जमशेदपुर। जमशेदपुर की तड़ीपार कुख्यात महिला गैंगस्टर चटनी ड़ॉन पुलिस के जाल में फंस गई है। सोनारी थाना पुलिस ने तड़ीपार घोषित कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ ‘चटनी डॉन’ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चटनी डॉन जिला निष्कासन आदेश का उल्लंघन करते हुए चोरी-छिपे अपने पैतृक घर में छुपी थी।
पुलिस को मिली थी गोपनीय सूचना
सिटी एसपी कुमार शिवाशीश ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, सोनारी थाना क्षेत्र के ग्वाला बस्ती स्थित सुनील सिंह के घर में कुछ अपराधी एक बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे थे।
इस सूचना के आधार पर सोनारी थाना में सनहा दर्ज किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।
मौजूद अन्य संदिग्ध लोग फरार हो गए
पुलिस टीम ने आधी रात ग्वाला बस्ती इलाके में छापेमारी की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले वहां मौजूद अन्य संदिग्ध लोग फरार हो गए। सुनील सिंह के घर की तलाशी के दौरान कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ ‘चटनी डॉन’ को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में वह किसी प्रकार का वैध अनुमति पत्र नहीं दिखा सकी। उसने स्वीकार किया कि जिला निष्कासन के बावजूद वह सोनारी थाना क्षेत्र में अपने घर में रह रही थी। सिटी एसपी ने बताया कि झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम 2002 के तहत जिला निष्कासन आदेश का उल्लंघन करना एक संज्ञेय और दंडनीय अपराध है।
प्रिया के खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज
गिरफ्तार आरोपी प्रिया सिंह उर्फ ‘चटनी डॉन’ ग्वाला बस्ती, सोनारी की निवासी है। उसके खिलाफ सोनारी थाना में रंगदारी, मारपीट, लूट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद ‘चटनी डॉन’ ने पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में जमकर हंगामा किया और गाली-गलौज करने लगी। पूरे थाना को उसने सिर पर उठा लिया। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह उसे नियंत्रित किया।








