Bhiwadi accident news
जमशेदपुर। हरियाणा के भिवाड़ी में निर्माणाधीन साइट पर मिट्टी धंसने से झारखंड के छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची सांसद Sanjay Seth तथा जमशेदपुर सांसद Bidyut Baran Mahato संसद सत्र समाप्त होते ही देर रात गुरुग्राम पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और हरियाणा प्रशासन के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।
गुरुग्राम में हुई महत्वपूर्ण बैठक
हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini के निर्देश पर गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में बैठक आयोजित की गई। बैठक में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, सांसद विद्युत वरण महतो के अलावा जिलाधिकारी अजय कुमार, पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा, एसडीएम दर्शन यादव, सहायक श्रमायुक्त अनिल शर्मा और निर्माण कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को मुआवजा और सहायता देने पर चर्चा की।
40-40 लाख मुआवजा और रोजगार की गारंटी
बैठक में तय किया गया कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मजदूर के परिवार को कुल 40-40 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इसमें 20-20 लाख रुपये निर्माण कंपनी की ओर से और बाकी 20-20 लाख रुपये सरकारी प्रावधानों के तहत दिए जाएंगे। इसके साथ ही परिवार के एक-एक आश्रित को कंपनी में रोजगार देने पर भी सहमति बनी।
निर्माण कंपनी ने यह भी आश्वासन दिया कि सभी मृतक श्रमिकों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने की पूरी जिम्मेदारी कंपनी ही उठाएगी।
आज गांव पहुंचेंगे शव
संजय सेठ ने गुरुग्राम के आयुक्त के माध्यम से पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के उपायुक्तों से समन्वय कर शवों को लाने की प्रक्रिया सुनिश्चित कराई। गुरुवार सुबह परिजन शवों को लेकर ईचागढ़ और जमशेदपुर के लिए रवाना होंगे।
संजय सेठ ने कहा कि संकट की इस घड़ी में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी।
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर
इस हादसे में जादूगोड़ा-पोटका क्षेत्र के धनंजय महतो (55), भागीरथ गोप (52), संजीत गोप उर्फ दुलाल (32) और मंगल महतो (30) की मौत हुई। वहीं ईचागढ़ के शिवशंकर सिंह मुंडा (30) और परमेश्वर महतो (50) भी इस दुर्घटना में अपनी जान गंवा बैठे।
सांसदों ने जताई संवेदना
संजय सेठ ने कहा, “इस दुखद हादसे में जिन परिवारों ने अपने परिजन खोए हैं, उसकी भरपाई संभव नहीं है। लेकिन हम हर संभव सहायता पहुंचाने के लिए परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं।” उन्होंने इस त्वरित पहल के लिए हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री का आभार भी जताया।








