जमशेदपुर चोरीकांड का खुलासा: मास्टरमाइंड सहित चार गिरफ्तार, 14 लाख का सामान बरामद

2 Min Read

Jamshedpur theft case

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी में 7 दिसंबर को अमित सोलंकी के घर हुई लाखों की चोरी की घटना का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। चोरीकांड में शामिल मास्टरमाइंड आलोक उर्फ़ सावन मुखी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने–चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल, स्कूटी सहित कुल लगभग 14 लाख रुपये का सामान बरामद किया है।

कैसे पकड़े गए आरोपी?

एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष पुलिस टीम ने CCTV फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर सबसे पहले मुख्य आरोपी आलोक मुखी को दबोचा। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आलोक ने बताया कि चोरी के कुछ गहने उसने अपनी बहन ज्योति मुखी और जीजा धीरज तांती को बेचने के लिए दिए थे, जबकि बाकी सामान उसके घर में छिपाया गया था।इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने भी अपराध में शामिल होने की बात कबूल कर ली। चौथा आरोपी सुनील कुमार प्रसाद भी चोरी किए गए सामान की खरीद-बिक्री में शामिल पाया गया।

गहनों की बरामदगी में पुलिस ने अपनाई खास रणनीति

पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर आदित्यपुर और बड़ा गम्हरिया स्थित अनन्या ज्वेलर्स से चोरी का सोने का हार बरामद किया। इसके अलावा आरोपियों के ठिकानों से चोरी किए गए सोने–चांदी के आभूषण, ₹70,000 नकद, स्कूटी, मोबाइल और वारदात के दौरान पहने गए कपड़े भी ज़ब्त कर लिए गए।

मुख्य आरोपी पेशेवर अपराधी

मुख्य आरोपी आलोक मुखी और धीरज तांती का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। दोनों पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब इनके पुराने मामलों की भी जांच कर रही है।इस कार्रवाई को पुलिस प्रशासन ने एक बड़ी सफलता माना है, जिसने स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया है।

Share This Article