जगन्नाथपुर रथयात्रा मेलाः दिखेगा का महंगाई का असर [Jagannathpur Rath Yatra Fair: Effect of inflation will be visible]

3 Min Read

रांची। रविवार से रांची के धुर्वा में ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मेला शुरू होने वाला है। लगभग दो किलोमीटर क्षेत्र में 3000 दुकान और 30 से ज्यादा झूले लग रहे हैं।

मेले में दुकानें सजने लगी हैं। झूले लगाए जा रहे हैं। मिठाइयों और बर्तन की दुकानें लग चुकी हैं। इस बार मेले का टेंडर 1.92 करोड़ में पटना की कंपनी मार्केटिंग एंड एंटरटेनमेंट ने ली है।

दुकानदारों से उनके दुकान के साइज के अनुसार 2 से 3 हजार रुपये रनिंग फिट लिए जा रहे हैं। मौसीबाड़ी क्षेत्र में 2000 से 3000 रुपये रनिंग फिट, न्यू कॉलोनी वाले क्षेत्र में 2500 रुपये रनिंग फीट लिए जा रहे है।

जानकारी के अनुसार झूला वालों से प्रॉफिट का 60 प्रतिशत लेने पर बात हुई है। वहीं फुटपाथ पर दुकान लगाने के लिए 1000 रुपए रनिंग फीट लिए जा रहे हैं।

इस बार गोलगप्पा, चाउमिन, छोला भटूरा लगाने वाले ठेला की कीमत तय कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार गोलगप्पा और चाउमिन के ठेले से 12 हजार और छोला भटूरा वालों से 15 हजार लिए जायेंगे। वहीं फेरी वालों से 100 रुपए वसूले जायेंगे।

पहली बार फ्रीसबी और सूनामी झूला मेला में आया

जगन्नाथपुर रथ मेला में इस साल पहली बार फ्रीसबी और सूनामी झूला लगाया जा रहा है। इसके अलावा आसमानी झूला, दो मौत का कुआं, टोरा-टोरा, ब्रेक डांस, ड्रेगन, नाव, ट्रेन, बच्चों के लिए घोड़ा गाड़ी, मिकी माउस झूले लगाए जा रहे हैं।

इस बार झूले का लुत्फ उठाने के लिए भी लोगों को ज्यादा पैसे देने होंगे। जानकारी के अनुसार बड़े झूलों की टिकट का कीमत 80 से 100 रहने का अनुमान है।

सुरक्षा को लेकर लगाए गए हैं 50 सीसीटीवी कैमरे

सात जुलाई को रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। रथ यात्रा के दौरान मंदिर परिसर और मेले में लगभग एक हजार से अधिक महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

इसके अलावा 12 से अधिक दंडाधिकारी भी तैनात रहेंगे। सुरक्षा को लेकर सात जगहों पर बैरिकेडिंग की जा रही है।

50 सीसीटीवी कैमरा, चार ड्रोन और पांच वॉच टावर से मेले की निगरानी की जाएगी। राजकीय मध्य विद्यालय को अग्निशमन केंद्र बनाया गया है।

साथ ही मेला कमेटी के ऑफिस में यूपीआई काउंटर बनाया जा रहा है, जहां मेला घूमने वाले लोग ऑनलाइन पैसा देकर कैश ले सकेंगे।

इसे भी पढ़ें

रांची के ऐतिहासिक रथमेला में सीएम चम्पाई आमंत्रित

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं