रांची। राज्य के बड़े कारोबारी आरसी रूंगटा के रामगढ़ जिले सहित छह ठिकानों पर आईटी ने छापेमारी की है। यह छापेमारी सुबह पांच बजे से चल रही है। बड़ी संख्या के सीआरपीएफ के जवानों के साथ पहुंची टीम पड़ताल कर रही है। टैक्स चोरी को लेकर आयकर विभाग की ओर से यह कार्रवाई की गई है। रामगढ़ जिले के तीन प्लांट और आवासीय कार्यालय में छापेमारी जारी है।
यहां छापेमारी
रामगढ़ के बरकाकाना, अरगड़ा और कुजू में आइटी टीम छापेमारी कर रही है। इन तीनों जगहों पर आरसी रूंगटा के प्लांट हैं। वहीं रामगढ़ के पंजाब नेशनल बैंक के पास स्थित उनके आवासीय कार्यालय में भी आईटी की टीम पहुंची है। सूचना है कि छापेमारी करने आयी टीम में बिहार नंबर की कई गाड़ियां हैं।
बिहार से आये हैं अधिकारी
कयास लगाया जा रहा है कि छापेमारी टीम में बिहार के अधिकारी भी है। ऐसा इसलिए भी कहा जा रहा है कि बरकाकाना के हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका आयरन स्पंज एंड सीमेंट फैक्ट्री के बाहर इनोवा गाड़ी लगी है। इसका नंबर BR01 PG0592 है। जिन जगहों पर छापेमारी चल रही है उनमें अरगडा स्थित झारखंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड और कुजू ओपी के करमा में आलोक स्टील शामिल हैं।
चर्चा का बाजार गर्म
गुरुवार को अहले सुबह तकरीबन पांच बजे बड़ी संख्या में आईटी के अधिकारी सीआरपीएफ जवानों के साथ रामगढ़ पहुंचे। टीम ने रूंगटा के आवास सहित कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। अचानक से हुई इस दबिश की वजह से रामगढ़ में चर्चा का बाजार गर्म है। लोगों के बीच कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।






