गोस्सनर कॉलेज के छात्रों को दी गई वित्तीय मामलों की जानकारी
रांची। इंडियन ओवरसीज बैक के सीनियर रिजनल मैनेजर सर्वेश कुमार ने कहा कि यह बैंक आमजन की सेवा तत्परता के साथ कर रहा है। साथ ही बैंक छात्रों के लिए कई स्कीम लेकर आया है, जिनका लाभ वे उठा सकते हैं। कुमार गोस्सनर कॉलेज एवं इंडियन ओवरसीज बैंक द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित फाइनांशियल अवेयरनेस प्रोग्राम में बोल रहे थे।
इंडियन ओवरसीज बैंक की 3200 शाखाएं
सर्वेश ने कहा कि आज देश में इंडियन ओवरसीज बैंक की 3200 से ज्यादा शाखाएं कार्यरत हैं। इंडियन ओवरसीज बैंक के पास जनमानस की सभी वित्तीय समस्याओं का समाधान हैं। लोग किसी भी शाखा से जुड़कर अपनी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। खास तौर पर छात्रों की शिक्षा को लेकर बैंक के कार्यक्रम काफी लाभकारी हैं। छात्र ही देश का भविष्य हैं। छात्र सफल होंगे, तब देश आगे बढ़ेगा।
पौधरोपण किया गया
इससे पहले कॉलेज की प्राचार्या डॉ इलानी पूर्ति और सर्वेश कुमार ने मिलकर कॉलेज परिसर में पौधरोपण किया। मौके पर छात्रों ने भी पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को फाइनांस से संबंधित जानकारी दी गई। इसके बाद प्रतियोगिता और डिबेट का आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।
विजेता छात्र पुरस्कृत
डिबेट का विषय था देश के ग्रामीण इलाकों के विकास में बैंक की भूमिका। प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को मौके पर पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में इंडियन ओवरसीज बैंक क्लब रोड के प्रबंधक एसके मिश्रा ने सराहनीय योगदान दिया। कार्यक्रम में ऋचा कुजूर, ज्ञानदेव मिश्रा, निधि सिंह, सुमित कुजूर, अमित कुमार समेत अन्य उपस्थित थे।







