रांची। इंडियन ओवरसीज बैंक क्लब रोड की ओर से गोस्सनर कॉलेज में स्वच्छता अभियान चलाया गया। बता दें कि एक अक्टूबर को पूरे देश में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी मौके पर स्वच्छता के लिए श्रमदान के संकल्प के साथ इंडियन ओवरसीज बैंक के अधिकारी और कर्मचारियों ने स्वच्छता अभियान चलाया। इसमें कॉलेज के भी कर्मचारी शामिल रहे।
इस दौरान लगातार हो रही भारी बारिश की परवाह किये बगैर बैंक के अफसर और कर्मचारी तथा कॉलेज कर्मियों ने अभियान में बढ़ चढ़ कर भाग लिया। सुबह 10 बजे से हाथों में छतरी लेकर सभी सफाई अभियान में जुटे रहे।
ब्रांच मैनेजर ज्ञानदेव मिश्रा के मार्गदर्शन में पूरे कॉलेज कैंपस की सफाई की गई। इस अवसर पर ज्ञानदेव मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता जीवन में बहुत जरूरी है। हम जहां रहते हैं और जहां काम करते हैं, उस स्थल को स्वच्छ रखने के लिए हमें खुद ही पहल करनी चाहिए।
अभियान में शाखा प्रबंधक ज्ञानदेव मिश्रा, उप प्रबंधक प्रीति कुमारी, सहायक प्रबंधक कुमार अभिषेक, नेहा कुमारी, सौम्या कुजूर, बिबयाना कुल्लू समेत अन्य शामिल थे।







