रांची। इंडियन ओवरसीज बैंक हुंडूर ब्रांच ने ग्रामीणों के बीच विश्व आदिवासी दिवस मनाया। रांची जिले के हुंडरू में हुंडूर गांव में बैक की ओर से जागरुकता और पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे बैंक के झारखंड रीजनल मैनेजर सर्वेश कुमार मिश्रा।
सर्वेश कुमार एवं अन्य बैंक अधिकारियों ने आदिवासियों की प्रकृति पूजा को नमन करते हुए पौधे लगायें और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इसके बाद आरएम सर्वेश कुमार ने आदिवासी परंपरा और संस्कृति की प्रशंसा करते हुए उन्हें संजोये रखने की बात कही। उन्होंने युवाओं और अन्य से अपील की कि वे जनजातीय परंपरा और संस्कृति को संजो कर ही नहीं रखें, बल्कि इसे आगे बढ़ायें।
हमारी परंपरा और संस्कृति आगे बढ़ेगी, तब ही हम अपनी अस्मिता को अक्षूण रख सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में बैंक की ओर से बुजुर्ग ग्रामीणों के बीच कंबल बांटे गये। साथ ही गांव वालों को बैंक खाता खुलवाने तथा बच्चों को पढ़ाने लिखाने के लए आगे आने को लेकर जागरूक भी किया गया। मौके पर गांव के मुखिया गुरुचरण मुंडा ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में बैंक की ओर से निधि एवं अन्य ने सहयोग किया।







