India Silent Call Scam Alert
रांची। देशभर में मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए साइलेंट कॉल एक नया और खतरनाक साइबर फ्रॉड बनकर सामने आया है। दूरसंचार विभाग (DoT) ने इसे लेकर करोड़ों यूजर्स को सतर्क किया है। विभाग के मुताबिक, अनजान नंबर से आने वाली ऐसी कॉल, जिसमें दूसरी तरफ से कोई आवाज नहीं आती, सामान्य नेटवर्क समस्या नहीं बल्कि Silent Call Scam का हिस्सा हो सकती है।
दूरसंचार विभाग ने इस संबंध में अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर वीडियो जारी कर जानकारी दी है। विभाग के अनुसार, साइबर अपराधी इन साइलेंट कॉल्स का इस्तेमाल यूजर्स की कॉल स्क्रीनिंग और प्रोफाइलिंग के लिए करते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति कॉल रिसीव करता है, स्कैमर्स यह जांच लेते हैं कि नंबर एक्टिव है या नहीं।
कैसे करते हैं स्कैमर ठगी की तैयारी
दूरसंचार विभाग के अनुसार, कॉल उठाने में कितना समय लगा, बैकग्राउंड में कैसी आवाजें हैं और यूजर की प्रतिक्रिया क्या है—इन सभी जानकारियों को स्कैमर रिकॉर्ड करते हैं। इसके बाद उस नंबर को टारगेट लिस्ट में डाल दिया जाता है। कुछ दिनों बाद स्कैमर्स अलग-अलग नंबरों से कॉल या मैसेज भेजना शुरू कर देते हैं। कई मामलों में बैंक अकाउंट, क्रेडिट कार्ड ब्लॉक होने की धमकी दी जाती है। वहीं, कभी खुद को बैंक अधिकारी, कस्टमर केयर या पुलिस बताकर लोगों से ओटीपी और निजी जानकारी हासिल कर Cyber Fraud को अंजाम दिया जाता है।
दूरसंचार विभाग की सलाह
दूरसंचार विभाग ने साफ कहा है कि अनजान और बिना आवाज वाली कॉल पर कॉल बैक करना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे मामलों में न तो कॉल बैक करें और न ही किसी लिंक पर क्लिक करें। ओटीपी, बैंक डिटेल या निजी जानकारी साझा करने से बचें। यदि बार-बार ऐसे कॉल आ रहे हैं तो संबंधित नंबर को ब्लॉक करें और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। विभाग का कहना है कि मोबाइल यूजर्स की सतर्कता ही Silent Call Scam से बचाव का सबसे मजबूत हथियार है।







