एशियन गेम्स में भारत को पहली बार 100 मेडल

2 Min Read

रांची। एशियन गेम्स-2022 में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। टीम ने 72 साल के इतिहास में पहली बार 100 मेडल जीता  है। आज सुबह महिला कबड्डी टीम ने चाइनीज ताइपे को फाइनल में 26 -25 से हराकर इस आंकड़े को छू लिया है।

बता दें कि भारत ने अबतक 25 गोल्ड, 35 सिल्वर और 40 कांस्य की मदद से 100 मेडल जीत लिए हैं। भारत को पदक का शतक लगाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया कि  भारत के लोग इस बात से रोमांचित हैं कि हम 100 पदकों की उल्लेखनीय उपलब्धि तक पहुंच गए हैं। मैं अपने अभूतपूर्व एथलीटों को हार्दिक बधाई देता हूं, जिनके प्रयासों से भारत को यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है।

मोदी ने कहा कि प्रत्येक विस्मयकारी प्रदर्शन ने इतिहास रचा है और हमारे दिलों को गर्व से भर दिया है। मैं 10 तारीख को हमारे एशियाई खेलों के दल की मेजबानी करने और हमारे एथलीटों के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं। यह एशियाई खेलों में भारत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

बता दें कि साल 1951 के बाद से ऐसा पहली बार हुआ है, जब भारत ने टूर्नामेंट में 100 पदक जीते हैं। भारत के लिए इस बार तीरंदाजी, शूटिंग और एथलेटिक्स टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।

इस बार इन्हीं खेलों ने भारत को सबसे अधिक मेडल दिलाए हैं। वहीं इस संस्करण में भारत ने घुड़सवारी में 42 साल बाद पदक अपने नाम किया। इसके अलावा भारतीय टीम ने बैडमिंटन में भी ऐतिहासिक सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं