Ranchi Onion Price Update: बांग्लादेश निर्यात से रांची में प्याज महंगा, छह दिन में 12 रुपये की बढ़ोतरी

2 Min Read

Ranchi Onion Price Update:

रांची। भारत-बांग्लादेश सीमा पर प्याज व्यापार के लिए बॉर्डर खुलने के बाद रांची समेत झारखंड के बाजारों में प्याज की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। बांग्लादेश सरकार द्वारा प्याज आयात की अनुमति दिए जाने के बाद महाराष्ट्र के नासिक, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों से बड़ी मात्रा में प्याज का निर्यात किया जा रहा है। बेहतर कीमत मिलने के कारण व्यापारी घरेलू बाजार की बजाय निर्यात को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे रांची की मंडियों में प्याज की आवक घट गई है और दाम बढ़ गए हैं।

छह दिन में 10–12 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी

स्थानीय थोक और खुदरा बाजारों में पिछले छह दिनों के भीतर प्याज की कीमतों में 10 से 12 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा हुआ है। छह दिन पहले जहां थोक बाजार में प्याज 12 रुपये प्रति किलो और खुदरा में 20 रुपये किलो बिक रहा था, वहीं अब थोक कीमत 24 रुपये और खुदरा कीमत 30 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इससे आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट बिगड़ने लगा है।

निर्यात और कम उत्पादन का असर

आलू-प्याज थोक विक्रेता संघ के अध्यक्ष मदन साहू के अनुसार, बीते महीनों में किसानों द्वारा प्याज की खेती कम किए जाने से उत्पादन पहले ही घटा हुआ है। अब बांग्लादेश को बढ़े निर्यात ने स्थिति और गंभीर कर दी है। उनका कहना है कि आने वाले सप्ताह में प्याज की कीमतों में पांच रुपये प्रति किलो तक की और बढ़ोतरी हो सकती है।

मंडी में आधी रह गई आवक

पंडरा स्थित थोक सब्जी मंडी में प्याज की आवक में भी तेज गिरावट दर्ज की गई है। चार दिन पहले तक रोजाना करीब 25 गाड़ियों में प्याज मंडी पहुंच रहा था, जबकि अब यह संख्या घटकर लगभग 12 गाड़ियों तक रह गई है। कम आवक और बढ़ती मांग के कारण बाजार में आगे भी प्याज महंगा बने रहने की आशंका जताई जा रही है।

Share This Article