झारखंड में बढ़े इतने नये मतदाता, चुनाव में होंगे अहम

2 Min Read

रांची। झारखंड में इस साल लोकसभा और विधानसभा चुनाव होना है। इसे लेकर अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। राज्य में 3,26,406 नए मतदाता जुड़े हैं। इनमें महिलाओं की संख्या दो लाख से अधिक है।

वहीं, 18 से 22 साल के 21,67,270 ऐसे मतदाता हैं, जो पहली बार लोकसभा चुनाव में मतदान करेंगे। 2,67,243 ऐसे युवाओं ने भी आवेदन किया है, जिनकी 18 वर्ष एक अप्रैल 2024 से एक अक्तूबर 2024 तक पूरी हो रही है। समय पूरा होते ही इनका मतदाता पहचान पत्र बन जाएगा।

झारखंड की जनसंख्या 4 करोड़ के पार

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार के अनुसार मतदाता सूची पुनरीक्षण में झारखंड की अनुमानित जनसंख्या चार करोड़ छह हजार 288 मानी गई है। इनमें दो करोड़ 53 लाख 86 हजार 152 कुल मतदाताओं की संख्या है।

इसमें एक करोड़ 29 लाख 37 हजार 458 पुरुष मतदाता, एक करोड़ 24 लाख 48 हजार 225 महिला मतदाता और 469 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। राज्य में 29,521 बूथ हैं। इनमें 378 मतदान केंद्रों के भवन टूटने की वजह से दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है।

चार बूथ हाउसिंग कॉलोनी में शिफ्ट किये गए हैं। सभी मतदाता सूची में अपना नाम चेक कर लें। ताकि किसी का नाम छूटता है या कोई त्रुटि दिखती है तो बीएलओ या ऑनलाइन आवेदन कर सकें।

राज्य के स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाले 18 वर्ष से कम उम्र के 2,67,243 युवाओं ने भी आवेदन किया है। इसमें एक अप्रैल 2024 को 96,684 युवाओं का 18 वर्ष पूरा होगा। वहीं, 87,357 युवाओं का एक जुलाई 2024 को और 83,202 युवाओं का एक अक्तूबर 2024 को 18 साल होगा।

के रवि कुमार ने स्पष्ट किया है कि युवाओं का आवेदन रखा गया है। उनके 18 वर्ष पूरे होते ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने और वोटर कार्ड बना दिया जायेगा। साथ ही, मतदाता पहचान पत्र स्पीड पोस्ट से भेजा जाएगा।

इसे भी पढ़ें

देवघर में धमकी देकर युवती के साथ दुष्कर्म

Share This Article
Exit mobile version