पलामू में सीएम हेमंत ने 5132 को सौंपा नियुक्ति पत्र और विपक्ष पर साधा निशाना

3 Min Read

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को पलामू में 5132 युवा को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस मौके पर सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधा। कहा कि हमारी सरकार बनने के एक घंटे के बाद से ही विपक्ष इसे गिराने की साजिश रचने लगा।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दल में शामिल नेता झारखंड में सरकार बनाने का सपना देखने लगे। कई लोगों को इन्होंने सपने में झारखंड का मुख्यमंत्री भी बना दिया। लेकिन जनता को इनकी मंशा का पता है। विपक्ष ने जब-जब सरकार गिराने की साजिश रची, तब-तब उनको मुंह की खानी पड़ी।

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड बने 20 साल हो गये। विपक्ष की भी सरकार यहां बनी। लेकिन 20 साल में इन्होंने झारखंड के लिए क्या किया, ये जनता को बतायें। विपक्ष में बैठे झारखंडी नेताओं से ये सवाल जरूर पूछा जाना चाहिये।

हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि राज्य को ये दीमक की तरह चाट गये। इन्होंने कभी भी लोगों को हक़-अधिकार से जोड़ने का काम नहीं किया।

हम जब लोगों को उनका अधिकार देते हैं, तो हमें भ्रष्टाचारी कहकर पुकारा जाता है। लेकिन विपक्ष के झूठ, षड्यंत्र और अफवाह से कुछ नहीं होने वाला है। हम राज्य के लिए लड़ने, मरने और मिटने वाले लोग हैं। साजिश करने वालों को जनता ने सत्ता से बाहर कर दिया है। जल्दी ही एक दिन ये झारखंड से भी बाहर होंगे।

बता दें कि पलामू में सीएम हेमंत की ओऱ से विभिन्न निजी संस्थानों में 541 महिला अभ्यर्थियों की भी नियुक्ति की गयी। इसमें पुरुष अभ्यर्थियों की संख्या 4591 है। इनमें 3022 अभ्यर्थी ‘झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन’ के तहत प्रशिक्षण प्राप्त हैं।

कुल 5132 अभ्यर्थियों में सबसे अधिक 1725 अभ्यर्थी ओबीसी कैटेगरी के हैं। वहीं, जेनरल कैटेगरी के 1339, एससी कैटेगरी के 1204 और एसटी कैटेगरी के 864 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। शैक्षणिक योग्यता के मानकों में नॉन मैट्रिक के 489, मैट्रिक पास 3086, इंटरमीडिएट पास 687, स्नातक पास 247, पीजी कर चुके पांच, आइटीआइ के 591, डिप्लोमा के 12 और अन्य के 15 अभ्यर्थी शामिल हैं। 5132 में 86 अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है। शेष 5046 झारखंड के स्थानीय निवासी हैं।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं