रांची : चूल्हा प्रमुख के नाम पर विशेष रूप से महिलाओं को टार्गेट करने में विपक्ष के लोग लगे हुए हैं। लिफाफे में पैसा देकर वोट खरीदने का प्रयास हो रहा है। मेरा सभी से आग्रह है कि आप उस लिफाफे से बच कर रहिएगा। आपको पता है, आप घर-द्वार चलाते हैं, आज महंगाई कितना ज्यादा बढ़ गया है। आज गैस सिलिंडर जैसी हर एक चीज का दाम आसमान छू रहा है।
कल वो दिन न देखना पड़े कि यह लोग हाथ में कटोरा लेकर जनता को सड़क पर बैठने को मजबूर कर दें। इसी लड़ाई को लेकर हमने इंडिया गठबंधन बनाया है। 2024 में भाजपा-आजसू को राज्य और दिल्ली-दोनों से खदेड़ा जाएगा। रविवार को ये बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहीं। वे डुमरी विधानसभा उपचुनाव को लेकर आयोजित चुनावी सभा में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा किआज यहां डुमरी विधानसभा उपचुनाव सभा में देख रहा हूँ कि यह जनसैलाब देखकर विपक्ष का प्रचार गाड़ी भी यहीं इधर से उधर घूम रहा है। लोगों को दिग्भ्रमित करने और कोई काम नहीं करने के लिए ही विपक्ष के लोग जाने जाते हैं। मैं तो इन्हें भी आमंत्रित करता हूँ कि यह भी अपनी गाड़ी किनारे लगा लें और ध्यान से हमारी बातें सुनें।
मैंने मीडिया में पढ़ा कि उपचुनाव में छापेमारी के दौरान लाखों रुपया पकड़ा गया और यह भी बताया जा रहा है कि वो पैसा विपक्षियों का था। लिफाफे में पैसा भरकर चूल्हा प्रमुखों को शायद पैसा देने के लिए यह तैयारी कर रहे हैं। कोई बात नहीं, वैसे भी पूंजीपतियों और पैसे वाले इन विपक्ष के लोगों से लड़ने का हमारा पुराना इतिहास रहा है।







