Home Guard personnel suspended: झारखंड होमगार्ड रिश्वत कांड: चार कर्मी निलंबित, DG Homeguard ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की

3 Min Read

Home Guard personnel suspended:

रांची। झारखंड होमगार्ड रिश्वत मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए विभाग ने चार कर्मियों को निलंबित कर दिया है। आरोप है कि ये अधिकारी PhonePe के माध्यम से रिश्वत लेते थे और एक बर्खास्त कंपनी कमांडर से आठ लाख रुपये की मांग कर रहे थे। निलंबित कर्मियों में स्थापना शाखा के प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, डीआईजी गोपनीय के रीडर सूरज प्रकाश सिंह, डीजी होमगार्ड के रीडर दीपक पुंज और ओटीडी शाखा के निरीक्षक संजय सिंह शामिल हैं।

विभाग ने बताया:

विभाग की ओर से बताया गया कि चारों अधिकारियों पर लगे आरोप गंभीर प्रकृति के हैं और उनके आचरण में भ्रष्टाचार व अनुशासनहीनता साफ दिखती है। स्पष्टीकरण मांगे जाने पर उनका जवाब असंतोषजनक पाया गया, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया। DG Homeguard ने मामले की जांच के लिए बोकारो, धनबाद और पूर्वी सिंहभूम के जिला समादेष्टा अधिकारियों की तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति को पंद्रह दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी, जिसके आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय होगी।

शिकायतकर्ता कैलाश प्रसाद यादव द्वारा जमा कराए गए सबूतों में कई PhonePe ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट शामिल हैं, जिनसे रिश्वत लेने की पुष्टि होती है। आरोप है कि दीपक पुंज ने 18 अक्टूबर और 17 नवंबर को अपनी पत्नी के खाते में पांच हजार और दस हजार रुपये मंगवाए। अनुज कुमार ने 28 सितंबर को अपनी पत्नी के नाम पर पांच हजार और बिरसा मुंडा फूड प्लाजा के पास पंद्रह हजार रुपये नकद लिए। संजय सिंह ने 11 नवंबर को आठ हजार रुपये अपने मोबाइल पर मंगवाए, जबकि सूरज प्रकाश सिंह ने 11 सितंबर को दो हजार रुपये लिए।

26 नवंबर को बर्खास्त कंपनी कमांडर कैलाश प्रसाद यादव ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया कि चारों कर्मियों ने एक पुराने केस की फाइल खोलने की धमकी देकर आठ लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। विभागीय व एसीबी जांच अब तेज हो गई है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। यह मामला होमगार्ड विभाग की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है, जिसके बाद उच्च स्तरीय निगरानी और सख्त कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।

Share This Article