विदेशी महिला से गैंगरेप मामले में हाईकोर्ट ने सरकार से मांगी डिटेल रिपोर्ट

2 Min Read

रांची। झारखंड में विदेशी महिला के साथ हुए गैंगरेप मामले में हाईकोर्ट ने सरकार से डिटेल रिपोर्ट मांगी है।

सात मार्च को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सरकार से पूछा है कि अब तक इस मामले में क्या कार्रवाई हुई है।

दुमका में स्पैनिश टूरिस्ट महिला के साथ गैंगरेप की घटना पर हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है।

कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एस चंद्रशेखर एवं जस्टिस नवनीत कुमार की खंडपीठ ने गुरुवार को सुनवाई के दौरान राज्य सरकार को विस्तृत आंकड़े के साथ-साथ इस मामले में की गयी कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

अदालत ने पूछा है कि विदेशी पर्यटकों के राज्य की सीमा में प्रवेश की जांच के साथ उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए राज्य सरकार ने किस प्रकार की एस ओ पी जारी की है।

अगर एस ओ पी नहीं है, तो भविष्य में इसकी क्या योजना है। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से कोर्ट को यह बताया गया कि इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पीड़िता को मुआवजे के तौर पर दस लाख का भुगतान भी कर दिया गया है।

बता दें कि पिछले शुक्रवार को दुमका के हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरुमाहाट में बाइक टूर पर निकली स्पैनिश महिला के साथ गैंगरेप हुआ था।

वह अपने पति के साथ बाइक से वर्ल्ड टूर पर निकली है। वह दुमका होते हुए भागलपुर की ओर जा रही थी। इसी क्रम में वह हंसडीहा बाजार से पहले रात होने पर एक सुनसान जगह में टेंट लगाकर सोई थी।

इसी दौरान आसपास के कुछ युवकों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

इसे भी पढ़ें 

शिवरात्रि कल, राजधानी में होगी शिव विवाह की धूम, कई जगह निकलेगी बारात

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं