होटवार जेल के बी ब्लॉक के कमरा नंबर एक में गुजरेगी हेमंत सोरेन की रात, बढ़ायी गयी सुरक्षा

2 Min Read

रांची : ईडी कोर्ट की ओर से ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजे जाने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की रात बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा यानि होटवार जेल में गुजरेगी। इसे लेकर जेल प्रशासन की ओर से जरूरी इंतजाम किए गए हैं। यहां जेल प्रशासन ने अपर डिविजन वार्ड की साफ-सफाई कराई है।

अपर डिविजन वार्ड के बी ब्लॉक के कमरा नंबर 1 में झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को रखा जाएगा। यहां जेल मैनुअल के अनुसार उन्हें सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेगी। हेमंत सोरेन को जेल में किसी प्रकार की परेशानी ना हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। यही वजह है कि जेलर अंजय श्रीवास्तव सुरक्षा व्यवस्था से लेकर साफ-सफाई कराने तक की जिम्मेदारी खुद संभाले हुए हैं।

इधर, हेमंत सोरेन के होटवार जेल पहुंचने के बाद से ही यहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। जेल परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। वहीं, बिरसा मुंडा जेल जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है।

गौरतलब है कि 31 जनवरी को ईडी की टीम ने दिनभर उनसे पूछताछ की और देर शाम गिरफ्तार किया था। हेमंत सोरेन को गुरुवार दोपहर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है।

इसे भी पढ़े

हेमंत सोरेन इडी कोर्ट मे पेश

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं