रांची : बोरियो से झामुमो विधायक लोबिन हेंब्रम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर गुरुजी शिबू सोरेन को कैद करके रखने का आरोप लगाया है। विधानसभा परिसर के बाहर गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए लोबिन ने कहा कि गुरुजी को कैद करके रखा गया है, इस वजह से वे बाहर निकलकर जमीनी सच्चाई जान नहीं पा रहे हैं।
उन्होंने लालू यादव के बेटे तेजस्वी का नाम लेकर कहा कि वहां किसी ने अपने पिता को कैद करके नहीं रखा लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक तरह से अपने पिता को कैद में करके रखा हुआ है। हेमंत सोरेन पर खुद मुख्यमंत्री बनने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इस सरकार ने एक भी ऐसा काम नहीं किया जिससे लगे कि उसने जनता से जो वादा किया था वो पूरा हुआ है।
स्थानीय नीति, नियोजन नीति, सीएनटी-एसपीटी एक्ट समेत जनता के जो भी मुद्दे थे जिनका जनता से वादा करके झामुमो ने जनता से वोट मांगा था उसे पूरा करने में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विफल साबित हुए हैं।
ऐसे में मैं बार-बार कहता हूं कि इसका खामियाजा पार्टी को वर्ष 2024 में होनेवाले चुनावों में उठाना पड़ेगा। इसी तरह सदन के अंदर भी वो सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले नजर आए, लोबिन ने सदन के अंदर पेसा को लेकर पब्लिश किए गये ड्राफ्ट पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह जनता को लॉलीपॉप देकर छलने जैसा है।







