ईडी ने 10 दिनों की मांगी रिमांड
रांची। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गुरुवार दोपहर दो बजे ईडी कोर्ट में पेश किया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच हेमंत सोरेन को ईडी कोर्ट लाया गया है। जमीन घोटाला से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में हेमंत सोरेन की पीएमएलए कोर्ट में पेशी हुई है।
हेमंत सोरेन की पेशी को लेकर कोर्ट परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए थे। ईडी दफ्तर से लेकर पीएमएलए कोर्ट तक जवानों की तैनाती रही। हेमंत सोरेन के कोर्ट परिसर में पहुंचते ही पुलिस ने उनकी गाड़ी को अपने घेरे में ले लिया।
गाड़ी से उतरते ही हमंत सोरेन ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया। मुस्कुराते हुए वे कोर्ट के अंदर गये। वे काफी सामान्य लग रहे थे। बताया जा रहा है कि ईडी कोर्ट में हेमंत सोरेन को पेश कर ईडी अधिकारियों ने उनकी 10 दिनों की रिमांड की मांग की है।
कहा है कि मनी लांड्रिंग के केस में वे अभी हेमंत सोरेन से और भी पूछताछ करना चाहते हैं। बता दें कि हेमंत सोरेन को बुधवार को पूछताछ के बाद सीएम हाउस से ही हिरासत में लिया गया था।
गिरफ्तारी के बाद ईडी के अधिकारी उनको लेकर राजभवन गये, जहां उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। राजभवन से हेमंत सोरेन को सीधे ईडी ऑफिस ले जाया गया।
फिर ईडी दफ्तर में ही डॉक्टरों और नर्सों की टीम पहुंची और हेमंत सोरेन का मेडिकल चेकअप किया गया। इस बीच हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन अपने बड़े बेटे के साथ ईडी दफ्तर पहुंची। वह देर रात तक वहां रहीं।
इसे भी पढ़ें









