विद्यार्थियों पर मेहरबान हुई हेमंत सरकार, गुरूजी क्रेडिट कार्ड से मिलेगा दस लाख तक का लोन

2 Min Read

रांची : हेमंत सरकार राज्य के विद्यार्थियों पर मेहरबान नजर आ रही है। विद्यार्थियों पर मेहरबानी दिखाते हुए अगस्त से सरकार उनके लिए तीन बड़ी योजनाएं शुरू कर रही है। इन योजनाओं से विद्यार्थियों को दस लाख तक का लोन बिना गारंटी के मिल सकेगा।

इन योजनाओं में गुरुजी क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना तथा एकलव्य प्रशिक्षण योजना शामिल है।इन योजनाओं को शिक्षा विभाग की मंजूरी मिल चुकी है। झारखंड कैबिनेट की अगली बैठक में इन्हें मंजूरी मिलने की उम्मीद है। गुरूजी क्रेडिट कार्ड योजना के लिए तो सरकार ने 26.13 करोड़ का प्रावधान किया है।

गुरूजी क्रेडिट कार्ड योजना झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है और इसके जरिये झारखंड से दसवीं और 12वीं पास करनेवाले स्टूडेंट्स को इंजीनियरिंग, मेडिकल और लॉ की पढ़ाई के लिए बिना गारंटी दस लाख रुपये तक का लोन मिलेगा। स्टूडेंट्स को चार प्रतिशत ब्याज पर 15 साल के लिए यह लोन मिलेगा। इसमें 30 फीसदी राशि रहने खाने और 70 फीसदी फीस के रूप में भुगतान किया जायेगा। सरकार की दूसरी योजना सीएम शिक्षा प्रोत्साहन योजना है।

इस योजना के तहत दसवीं पास छात्रों को उच्च शिक्षा संस्थानों में तैयारी के लिए सरकार मदद करेगी। योजना के तहत विद्यार्थियों को कोचिंग की एक सत्र की फीस और रहने-खाने के लिए हर महीने 2500 रुपये दिये जायेंगे।योजना के पहले चरण में 8000 छात्रों को यह मदद मिलेगी। इंजीनियरिंग, मेडिकल, क्लैट और मास कम्यूनिकेशन, सीए और आइसीडब्ल्यूए में प्रवेश की तैयारी करनेवालों को यह मदद मिलेगी।

सरकार की तीसरी योजना एकलव्य प्रशिक्षण योजना है। इसके जरिये यूपीएससी, जेपीएससी, एसएससी और रेलवे जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को निशुल्क कोचिंग दी जायेगी। सरकार की ओर से तय कोचिंग संस्थान में यह व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा एक साल तक छात्रों को रहने-खाने के लिए 2500 रुपये दिये जायेंगे।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं