हेमंत ने झूठ का चोला पहनकर आदिवासियों के लिए सिर्फ खोखले वादे किए : बाबूलाल मरांडी

2 Min Read

रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झूठ का चोला पहनकर आदिवासियों के लिए सिर्फ खोखले वादे किए हैं। उन्हें वास्तविकता के धरातल पर उतारना उतना ही मुश्किल है जितना हेमंत और उनके साथियों को भ्रष्टाचार से विमुक्त करना।

हेमंत सोरेन ने झारखंड के बालू, पत्थर, खान-खनिजों का नियंत्रण बाहरी लोगों के हाथों में सौंप दिया है l जबकि राज्य के स्थानीय कारोबारियों को हेमंत सरकार के द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है, उन्हें पुलिसिया दमन का सामना करना पड़ रहा है। वे शनिवार को हरमू मैदान में आयोजित संकल्प सभा के समापन कार्यक्रम में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में जो काम किए गए हैं,उनके स्वागत में आदिवासी समूह भी फिर से मोदी सरकार का समर्थन करता है। आदिवासियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी जी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया।

देश भर में 384 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय बनवाए गए तथा 3,110 वन धन विकास केंद्रों की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं और इसलिए इडी से भागे-भागे फिर रहे हैं। अगर वे सही होते तो ईडी के सामने अपना बयान दर्ज कराते।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं