Heavy rain in Jharkhand: झारखंड में 15 जुलाई तक भारी बारिश, 16 जुलाई से मिल सकती है थोड़ी राहत [Heavy rain in Jharkhand till July 15, some relief may be available from July 16]

Juli Gupta
2 Min Read

Heavy rain in Jharkhand:

रांची। झारखंड में मॉनसून सक्रिय है और मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में 15 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 16 जुलाई से मॉनसून की टर्फ रेखा उत्तर बिहार की ओर खिसकने के कारण झारखंड में भारी वर्षा की तीव्रता में कमी आ सकती है, जिससे राज्यवासियों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। 12 जुलाई को राज्य के कई जिलों में वज्रपात, तेज हवा और रुक-रुक कर हल्की बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

इन जिलों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी

विभाग ने 13 जुलाई को गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिम और पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 14 जुलाई को गिरिडीह, देवघर, दुमका, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, पश्चिम व पूर्वी सिंहभूम तथा सरायकेला जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 15 जुलाई को गोड्डा, दुमका, देवघर, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में भारी बारिश का अनुमान है, जहां येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

राजधानी रांची में बादल छाए है

राजधानी रांची में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है, और 11 जुलाई को शहर में 2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, 16 जुलाई से मॉनसून की मुख्य धारा उत्तर की ओर जाने लगेगी, जिससे झारखंड में 4 से 7 दिनों तक लगातार भारी वर्षा की संभावना घटेगी, हालांकि छिटपुट हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है, खासकर उन जिलों में जहां बिजली गिरने और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।

इसे भी पढ़ें 

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: बदरीनाथ हाईवे बाधित, केदारनाथ यात्रा पर अस्थाई रूप से लगी रोक

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं