Barkagaon news
हजारीबाग। मॉरीशस के पूर्व उप प्रधानमंत्री डॉ. हरीश बुद्धू की बेटी सचिता बुद्धू अपने पति अजय बुद्धू के साथ गुरुवार को झारखंड पहुंचीं। सुबह 8:15 बजे वे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरीं, जहां बड़कागांव प्रखंड के सिमरातरी गांव और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पारंपरिक तरीके से उनका भव्य स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर दिखा उत्साह
फूल-मालाओं और पारंपरिक सम्मान के साथ सचिता और अजय बुद्धू का अभिनंदन किया गया। स्वागत करने वालों में सिमरातरी गांव के कई गणमान्य लोग शामिल थे। ग्रामीणों ने इसे अपने गांव के लिए गर्व का क्षण बताया।
पैतृक गांव सिमरातरी का दौरा
सचिता बुद्धू हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव सिमरातरी पहुंच रही हैं। यह गांव जिला मुख्यालय से करीब 36 किलोमीटर दूर नयाटांड़ पंचायत में स्थित है। उनके आगमन की खबर से गांव में उत्साह का माहौल है और विशेष तैयारियां की गई हैं।
गैर-राजनीतिक है यात्रा
परिजनों के अनुसार, यह दौरा पूरी तरह पारिवारिक है। वे अपने रिश्तेदारों और गांव के लोगों से मिलने आई हैं। इस यात्रा का उद्देश्य अपने पूर्वजों की धरती से जुड़ाव को मजबूत करना है।







