Extortion case busted:
हजारीबाग। हजारीबाग जिले की बरकठा थाना पुलिस ने रंगदारी मांगने और गोलीबारी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान नावेद खान उर्फ गोलू खान, सलमान अंसारी, अबूल अंसारी, अफसर अंसारी, आलोक कुमार और सत्यम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्तौल, आठ जिंदा कारतूस, एक बजाज पल्सर बाइक (जेएच 02 एएल-4873) और छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
क्या है मामला?
मामला 30 अक्टूबर की रात का है जब बरकठा थाना क्षेत्र के ग्रामीण डॉक्टर गुलाम रबानी को अज्ञात नंबर (6291285513) से फोन कर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। धमकी के कुछ दिन बाद, 6 नवंबर को डॉक्टर के घर के बाहर खड़ी कार पर फायरिंग की गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद डॉक्टर ने थाना में मामला दर्ज कराया। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने बरकठा और गोरहर थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और बताया कि वे पहले भी टाटीझरिया थाना क्षेत्र में इसी मोबाइल नंबर से रंगदारी की मांग कर चुके हैं।
एसपी ने बताया
एसपी ने बताया कि यह गिरोह संगठित अपराध में शामिल था और डॉक्टरों व व्यवसायियों को निशाना बनाता था। फिलहाल आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और उनके आपराधिक नेटवर्क की जांच जारी है। पुलिस ने इस कार्रवाई को हजारीबाग में अपराध नियंत्रण की बड़ी सफलता बताया है।







