Hazaribagh:
हजारीबाग। हजारीबाग में गुरुवार को पांच साल की सबसे भारी ओलावृष्टि हुई। इससे कई इलाके बर्फ की चादर से ढक गए। लगभग 45 मिनट की बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित किया और किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया।
दरअसल, हजारीबाग को ‘छोटा शिमला’ भी कहा जाता है और गुरुवार शाम को यह उपमा साकार हो उठा। दारू प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में भारी ओलावृष्टि हुई। इसके कारण सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जम गई। खासकर हजारीबाग-तिलैया रोड पर तो इतनी मोटी बर्फ की चादर बिछी थी कि वाहनों का चलना मुश्किल हो गया। पैदल चलते लोग फिसल रहे थे।
वाहनों में ब्रेक लगते ही सड़क से नीचे उतर जा रहे थे। इसके कारण इस मार्ग पर जहां-तहां वाहन खड़े हो गये। हां इस दौरान लोग इस नजारे का वीडियो बनाते जरूर दिखे। कुछ के लिए तो यह मौज-मस्ती का आलम था। सड़क से बर्फ हटाने की कोई व्यवस्था भी नहीं थी।
Hazaribagh: हर ओर सिर्फ बर्फ की सफेद चादरः
ओलावृष्टि के कारण चारों ओर केवल सफेद बर्फ ही दिखाई दे रही थी। स्थानीय निवासियों के मुताबिक हजारीबाग में पिछले 40 दिनों से बारिश नहीं हुई थी, जिससे तापमान काफी बढ़ गया था और लोग परेशान थे। अब बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है।
इसे भी पढ़ें








