धूमधाम से मनी ईद, एक-दूसरे से गले मिलकर दी मुबारकबाद

3 Min Read

रांची। झारखंड में मुस्लिम समाज ने ईद का त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया। ईदगाहों में नमाज अदा करने के बाद लोग गले मिले और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। पूरे देश में आज बड़े ही हर्षोल्लास के साथ ईद मनायी जा रही है।

इस मुबारक दिन का इंतजार लोग पूरे साल करते हैं, और महीने भर के रोजे के बाद आज ये इंतजार खत्म हुआ। लोग बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकल कर मस्जिदों और ईदगाहों में गए और नमाज अदा की।

शहर में हरमू रोड स्थित ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबी जुटे। यहां सुबह से ही लोग नमाज पढ़ने पहुंचने लगे थे। भीड़ इतनी थी कई लोग ईदगाह के बाहर सड़क पर ही नमाज के लिये बैठ गए।

सुबह दस बजे नमाज पढ़ी गई। लोगों ने नमाज पढ़ी, खुतबा पढ़ा और अल्लाह से दुआ मांगी। दुआ मांगने के बाद बच्चे, बूढ़े और जवानों ने एक दूसरे के गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी।

नमाज पढ़ने के बाद लोगों ने कहा कि ईद खुशियां और भाईचारे का त्योहार है। उन्होंने कहा कि ईदगाह के पास कई हिंदू और ईसाई भाई भी आए हैं। हम उन्हें सेवइयां खिलाएंगे और ईद की खुशी उनके साथ भी बाटेंगे।

लोगों ने कहा उन्होंने देश और दुनिया की खुशहाली की दुआ मांगी है। ईदगाह के पास बच्चे भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। रंग बिरंगी टोपियां पहने बच्चे ईद को लेकर काफी उत्साहित दिखाई दिये। जो अपने बड़ों से ईदी लेने के लिये तैयार थे।

इस मौके पर कई राजनीतिक दलों के नेता भी नमाजियों को मुबारकबाद देने ईदगाह पहुंचे। रांची के पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय और राज्यसभा सांसद महुआ माजी भी ईदगाह पहुंची और नमाजियों को ईद की मुबारकबाद दी।

महुआ माजी ने कहा कि ये कितना दुर्लभ संयोग है कि आज ईद और सरहुल एक साथ मनाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे ही देश और प्रदेश वासियों का सौहार्द बना रहे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि साल भर ऐसे ही ईद हो और लोग खुश रहें।

सुबोधकांत सहाय ने कहा कि ईद प्यार मुहब्बत का दिन है, गले मिलने का दिन है और भाईचारे का दिन है। उन्होंने कहा कि ऐसे ही 365 दिन ईद चले।

उन्होंने आगे कहा कि ये इबादत का महीना चल रहा है, क्योंकि एक महीने के भीतर ही ईद, सरहुल, चैत्र नवरात्रि और रामनवमी सब कुछ मनाया जाएगा।

इसे भी पढ़ें

हरियाणा में स्कूल बस पलटी, 8 बच्चे मरे, 15 घायल

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं