रिम्स में मरीजों को दवा मिलना सुनिश्चित करेंगे: गुप्ता

2 Min Read

निदेशक ने अस्पताल का किया निरीक्षण

रांची। रिम्स के प्रभारी निदेशक डॉ राजीव गुप्ता ने कहा है कि सभी मरीजों को दवा मिले यह सुनिश्चित किया जायेगा। इसके अस्पताल में पर्याप्त दवाओं का भंडार रखा जायेगा। मेडिकल अफसर को इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये हैं। डॉ राजीव गुप्ता ने अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद ये बातें कहीं। वह शुक्रवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान वह मरीजों की परेशानियों से अवगत हुए हैं। एक-एक समस्या दूर की जायेगी। लैब टेस्ट से लेकर सीटी स्कैन, एक्सरे आदि से जुड़ी परेशानियों को भी दूर करने का प्रयास हो रहा है। इन सभी जांच की प्रक्रिया सरल की जायेगी।  

इमरजेंसी में 20 नये बेड लगेंगे

निदेशक ने कहा कि आये दिन इमरजेंसी से जुड़ी समस्याएं सामने आती हैं। इसलिए हमने इमरजेंसी को दुरूस्त करने के लिए कदम उठाये हैं। इमरजेंसी में 20 आइसीयू बेड लगाये जा रहे हैं, ताक यहां आनेवाले मरीजों के इलाज में देर न हो। यहां तक निर्देश दिये गये हैं कि यदि बेड उपलब्ध न हो, तो ट्रॉली पर ही मरीज का इलाज शुरू कर दिया जाये। इसके अलावा ट्रोमा सेंटर की दशा भी सुधारी जा रही है। यहां 18 वेंटिलेटर लगाये गये हैं। इमरजंसी और ट्रोमा सेंटर में ऑक्सीजन युक्त बेड लगाये गये हैं। इसके अलावा इमरजेंसी में एक ऑपरेशन थिएटर भी बनाया गया है। हमारी प्राथमिकता में मरीज का इलाज सबसे ऊपर है।

चिकित्सा उपकरण मंगाये जायेंगे

डॉ गुप्ता ने कहा कि रिम्स में चिकित्सा उपकरणों की हालत अच्छी नहीं है। कई उपकरण काफी पुराने हो चुके हैं। तकनीशियनों की भी कमी है। हमने निरीक्षण कर पूरी जानकारी ली है। किन किन मशीनों की जरूरत है, इसकी सूची तैयार कर ली गयी है। एक्सरे के लिए एक डीआर मशीन और सीटी स्कैन की मशीन भी मंगवायी जायेगी।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं