रांची : बरियातू हाउसिंग कॉलोनी स्थित स्वर्ण जयंती क्लब पूजा समीति की ओर से दुर्गा पंडाल के लिए गुरुवार को भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन में क्लब के तमाम सदस्य शामिल रहे। मुख्य रूप से अध्यक्ष मोनू कुमार विवेक और उपाध्यक्ष सत्यम सतदर्शी पूजा में बैठे।
भूमि पूजन पूरे विधि-विधान से हुआ। बता दें कि इस बार दुर्गा पूजा अक्टूबर महीने में है, लेकिन उसकी तैयारी पूजा समितियों ने अभी से शुरू कर दी है। स्वर्ण जयंती क्लब पिछले कई वर्षों से दुर्गा पूजा करता आ रहा है। इसके लिए भव्य पंडाल भी बनाया जाता है। कॉलोनी की चौक पर पूजा आयोजित होने की वजह से यहां काफी भड़भाड़ और रौनक रहती है।
पंडाल की भव्यता सबको आकर्षित करती है। साथ ही पंडाल को हर बार अलग-अलग लुक दिया जाता है। पूजा कमेटी ने इसी बात को ध्यान में रखते हुए पंडाल बनाने का कार्यक्रम लगभग दो महीने पहले से ही शुरू कर दिया है। स्वर्ण जयंती क्लब दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष मोनू कुमार विवेक ने बताया कि हर साल यहां भव्य तरीके से दुर्गा पूजा की जाती है।
इसकी शुरुआत आज भूमि पूजन के साथ हो गयी है। उन्होंने बताया कि भूमि पूजन होने के बाद पंडाल बनाने का कार्य शुरू हो जाएगा। 2 महीने पहले से ही काम शुरू किया जा रहा है। बताया कि इस बार पंडाल को नया लुक देने का प्रयास किया जा रहा है।
साथ ही यहां का खास आकर्षण भंडारा है, जिसमें दूर दूर से लोग आते हैं और माता का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इस बार भंडारा में 50 हजार से ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद है। मौके पर आलोक झा, अरविंद ठाकुर, बिपीन सिंह, विनोद सिंह, संजय पवार, भोलू पांडेय, सत्येंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।







