बोकारो। एक प्रेमिका की चाहत अपने प्रेमी को लेकर इस कदर बढ़ गयी कि वह सीधा उसके घर पहुंच गयी। इतना ही नहीं, वह प्रेमी के घर पर ही धरना देकर बैठ गयी कि मुझसे शादी करो। वह अपने प्रेमी के घर पर तीन दिनों तक धरने पर बैठी रह गयी। प्रेमिका शादी की जिद पर अड़ी हुई थी। मामला कसमार प्रखंड के रघुनाथपुर का है।
क्या है मामला
दरअसल 19 वर्षीय करमी कुमारी जो कि कसमार प्रखंड के रानीटांड़ की रहने वाली है, उसका रघुनाथपुर में रहने वाले चंदन महतो के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। वह तीन दिनों तक बिना खाये पीए धरना देती रही। उसका साफ कहना था कि बिना शादी किए वह चंदन के घर से टस से मस नहीं होगी। जब पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो पुलिस पहुंची। दोनों पक्षों को समझाया। तब जाकर लड़की का धरना समाप्त हुआ।
दोनों के परिवार में बनी सहमति
लड़की ने बताया कि चंदन महतो के साथ वह दो साल से रिलेशनशिप में है। चंदन हमेशा शादी की बात कहता था। उसकी किसी दूसरे से शादी नहीं होने देता था। चंदन महतो और करमी के बीच दो साल पहले रॉन्ग नंबर में फोन लग जाने से बातचीत शुरू हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दोनों एक दूसरे को चाहने लगे। फोन पर घंटों बातें होने लगीं।
दोनों एक-दूसरे से मिलने-जुलने लगे। एक-दूसरे से शादी का वादा किया, लेकिन पिछले कुछ दिनों से चंदन अपनी प्रेमिका करमी से कटने लगा था। वह उससे पीछा छुड़ाने के लिए हैदराबाद चला गया। इसलिए शादी की जिद पर अड़ी है कि चंदन को पहले गांव बुलाओ उसकी मुझसे शादी करवाओ। चंदन के गांव में नहीं होने की वजह से कोई हल नहीं निकल रहा था।
बाद में कसमार थाना प्रभारी ने मामले को सुल्झाया। फिलहाल तय हो गया है कि दो दिनों के अंदर अगर युवक हैदराबाद से लौटकर युवती के साथ शादी करेगा। दोनों पक्ष शादी के लिए तैयार हैं।








