Gas leak case: गैस रिसाव मामले में एक्शन, पुटकी जीएम सस्पेंड

2 Min Read

Gas leak case:

धनबाद। धनबाद गैस रिसाव मामले में कोयला मंत्रालय ने बड़ा एक्शन लिया है। बीसीसीएल के पुटकी एरिया महाप्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है। बीसीसीएल की केंदुआडीह कोलियरी क्षेत्र स्थित राजपूत बस्ती में हुए जहरीली गैस रिसाव के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य को गति देते हुए कोयला मंत्रालय, बीसीसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से कई अहम कदम उठाए हैं।

प्रशासनिक टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में मॉनिटरिंग कर रही हैं, ताकि किसी भी तरह की और जान-माल की क्षति न हो।

2 लोगों की मौत, 28 का चल रहा इलाजः

गैस रिसाव की चपेट में आने से अब तक दो लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है। वहीं, बीसीसीएल प्रबंधन ने बताया कि अब तक 28 प्रभावित लोगों का इलाज किया जा चुका है और सभी को आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रबंधन ने की बड़ी कार्रवाई :

गंभीर परिस्थिति को देखते हुए कोयला मंत्रालय ने प्रबंधन स्तर पर कड़ी कार्रवाई की है। भारत सरकार के कोयला सचिव विक्रम देव दत्त के आदेश पर पुटकी एरिया के जीएम गणेश चंद्र शाह को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि उनका तबादला नहीं किया गया है, वे पुटकी में ही रहकर विभागीय कार्यों की निगरानी करेंगे। बीसीसीएल के वरीय अधिकारी ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है।

एरिया प्रशासन में फेरबदल, कई जीएम तैनातः

राहत कार्य को तेज करने और प्रबंधन की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए बीसीसीएल ने कई महत्वपूर्ण बदलाव किए है। मुख्यालय में पदस्थापित महाप्रबंधक जी. महेता को पुटकी–बलिहारी एरिया का नया जीएम बनाया गया है। इसके अलावा अन्य पांच जीएम को भी प्रभावित क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में राहत व नियंत्रण कार्य में लगाया गया है, ताकि तेजी से स्थिति सामान्य की जा सके।

Share This Article