Ganga water level:
साहिबगंज। साहिबगंज गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। यहां गंगा नदीं का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में है। डीसी ने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है।
गंगा का जलस्तर 26.89 मीटर कर पहुंचाः
20 जुलाई 2025 को दोपहर 12:57 बजे तक गंगा का जलस्तर 26.89 मीटर दर्ज किया गया है, जो चेतावनी स्तर (26.25 मीटर) से 64 सेमी ऊपर है। इसको लेकर DC हेमंत सती ने अलर्ट जारी किया है।
अब तक जिले के सदर प्रखंड की 13 पंचायतों, तालझारी, राजमहल, और उधवा के कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस चुका है। शहर के हबीबपुर, पंप हाउस, और प्रेम नगर जैसे इलाकों में पानी नालियों के रास्ते घरों तक पहुंच रहा है। प्रेम नगर में तो घरों के दरवाजों तक पानी भर गया है और रात में सड़कें जलमग्न होने के कारण आवाजाही कठिन हो गई है।
पानी निकासी की स्थाई व्यवस्था नहीः
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश में हर साल ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन पानी निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। धान की फसलें भी बर्बाद हो रही हैं, जिससे किसानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है।
ये नदियां भी खतरे के निशान से ऊपरः
गंगा की सहायक नदियां जैसे कोसी, बागमती, बूढ़ी गंडक और गंडक भी चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही हैं।
प्रशासन की अपीलः
निचले इलाकों के लोग सुरक्षित स्थानों पर जाएं
नावों में क्षमता से अधिक सवारी न करें
बाढ़ के पानी में रील्स या वीडियो न बनाएं
बच्चों को नदी के पास न जाने दें
अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन की बात मानें
आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें
बाढ़ चौकियां सक्रियः
प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है और राहत शिविरों की तैयारी की जा रही है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इसे भी पढ़ें








