गैंगरेप पीड़िता स्पेनिश महिला ने रेप के खिलाफ शुरू किया सोशल मीडिया पर अभियान

3 Min Read

दुमका। झारखंड के दुमका में हुए शर्मसार कर देने वाले गैंगरेप कांड की पीड़िता झारखंड से बिहार पहुंच गई है।

अब उसने सोशल मीडिया पर रेप के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। उसे भरपूर समर्थन भी मिल रहा है।

स्पेन की रहने वाली पीड़िता के साथ गैंगरेप की घटना को बीते शुक्रवार को दुमका के हंसडीहा थाना क्षेत्र में अंजाम दिया गया था। इसके बाद पीड़िता ने सोशल मीडिया पर यह विशेष अभियान शुरू किया है।

उसने सोशल मीडिया पर लिखा कि मेरे साथ जो हुआ उसे छुपाना जायज नहीं है। मैं लोगों को बताऊंगी कि न्याय पाने के लिए कैसे लड़ना पड़ता है।

भारतीयों से मुझे शिकायत नहीं है। भारत एक महान देश है। ऐसी घटना दुनिया में कहीं भी किसी से हो सकती है।

पीड़िता ने रेप के एक आरोपी की तस्वीर भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की है। उसने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इसे ढूंढने में उनकी और पुलिस की मदद करें।

यह तस्वीर उनकी बाइक और हेलमेट में लगे हिडेन कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि रेप या डकैती आपके साथ, आपके भाई के साथ, आपकी मां के साथ, आपकी बेटी के साथ, किसी के भी साथ हो सकती है।

विश्व के किसी भी देश में कोई भी इससे मुक्त नहीं है। स्पेन में ऐसा कई बार हुआ है। यह पूरी दुनिया में हुआ है। स्पेन, ब्राजील, अमेरिका सभी देशों में उल्लंघन हुआ है। हमें ऐसे अन्याय के खिलाफ लड़ना पड़ेगा।

स्पेनिश ट्रैवलर अपने पति के साथ मंगलवार को झारखंड से आगे के सफर पर रवाना हो गई। इसके पहले उसने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं आज भी मानती हूं कि भारत एक महान देश है, यहां के लोग अच्छे हैं।

उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस और प्रशासन के प्रति आभार जताया। दुमका पुलिस विदेशी दंपति को सुरक्षा के साथ दुमका से 70 किमी दूर झारखंड-बिहार के बॉर्डर पर छोड़ने गई।

इसके पहले दुमका जिला प्रशासन ने कानूनी प्रावधानों के तहत पीड़िता को 10 लाख रुपए का चेक सौंपा।

इसे भी पढ़ें 

पीएम मोदी बंगाल में, स्वामी स्मरणानंद जी महाराज का हालचाल लिया

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं