लातेहार में अपहरण के बाद दलित लड़कियों से गैंग रेप के चार आरोपी गिरफ्तार

2 Min Read

रांची : झारखंड के लातेहार में दो दलित लड़कियों के अपहरण के बाद उनके साथ दिन में कई बार गैंग रेप की एक शर्मनाक घटना सामने आयी है। पुलिस ने घटना में कार्रवाई करते हुए दलित लड़कियों के अपहरण और गैंगरेप के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अपराधी नाबालिग लड़कियों का अपहरण कर गढ़वा ले गये थे।

घटना के बाबत मिली जानकारी के अनुसार लातेहार जिले के बरवाडीह की दो दलित लड़कियां एक दिन अपने घर से गायब हो गयी थीं। इस संबंध में बच्चियों के परिजनों ने थाने में मामला दर्ज कराया था। प्राथमिकी दर्ज होने के लातेहार के एसपी अंजनी अंजन ने एसआइटी का गठन कर मामले की छानबीन करायी।

छानबीन में यह जानकारी सामने आयी कि बच्चियों का अपहरण कर उन्हें गढ़वा ले जाया गया है। इस सूचना के बाद पुलिस की टीम गढ़वा पहुंची और बच्चियों को अपराधियों के चंगुल से मुक्त कराया। इस दौरान घटनास्थल से चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

बच्चियों ने पुलिस को बताया कि अपहरण के बाद उन्हें एक घर में कैद रखा गया था जहां से उन्हें बाहर निकलने नहीं दिया जाता था। इस घर में दिन में कई लोग आते और उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया जाता। एक सप्ताह से उनके साथ दुष्कर्म किया जा रहा था।

इस संबंध में एसडीपीओ दिलू लोहरा ने बताया कि घटना का मास्टरमाइंड अजय केशरी है। उसके साथ पुलिस ने आशीष और कुणाल कुमार तथा ऋतिक नारंग को गिरफ्तार किया है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं