वन विभाग ने की आग न लगाने की अपील
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग में टाटीझरिया पंचायत के पोडैया जंगल में गुरुवार की रात आग लग गई है। महुआ चुनने के दौरान लगाई गई आग पूरे वन क्षेत्र मंग फैल गई। इस आग से छोटे-छोटे पौधे जलकर नष्ट हो रहे हैं और वन्यजीवों का जीवन खतरे में है।
ग्रामीण आग की लपटों और धुएं से परेशानः
टाटीझरिया, सदारो और बड़ा डहरभंगा के ग्रामीण धुएं और आग की लपटों से परेशान हो गए। स्थानीय मुखिया सुरेश यादव और सामाजिक कार्यकर्ता राजू यादव ने बताया कि जंगल का रक्षाबंधन करने के बाद भी आग लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
वनपाल संजीत दास ने कहा कि वन विभाग जागरूकता अभियान चला रहा है। विभाग लोगों से जंगल में आग न लगाने की अपील कर रहा है। महुआ चुनने के लिए लगाई गई आग से न केवल नए पौधे बल्कि छोटे-बड़े जीव-जंतु भी प्रभावित हो रहे हैं।
हर साल की है ये समस्याः
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या हर साल की है। एक जगह लगी आग आस-पास के जंगलों तक फैल जाती है। उन्होंने वन विभाग से इस समस्या पर विशेष ध्यान देने की मांग की है।
वन विभाग के एसीएफ ऐ के परमान ने ग्रामीणों से अपील की है कि महुआ चुनने के लिए जंगल में आग न लगाएं। उन्होंने बताया कि आग लगने से प्राकृतिक रूप से बीज से उगने वाले पौधे नष्ट हो जाते हैं। यह जंगल के लिए बहुत नुकसानदायक है।
इसे भी पढ़ें
बिहार के वनों में आग लगने की घटनाएं लगभग दोगुनी हुईं: रिपोर्ट








