Flood threat Jharkhand: झारखंड में 12 जिलों में बाढ़ का खतरा, फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी [Flood threat in 12 districts of Jharkhand, flash flood warning issued]

3 Min Read

Flood threat Jharkhand:

रांची। मौसम विभाग ने झारखंड के 8 जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है, वहीं 12 जिलों में अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड की आशंका जताई गई है। अगले 24 घंटे राज्य के लिए सतर्कता बरतने का समय है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक वर्षा हो सकती है।

तेज हवा और वज्रपात की चेतावनीः

साथ ही 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने चेतावनी दी है कि मानसूनी बारिश के चलते 12 जिलों – गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रांची, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और बोकारो – में अचानक बाढ़ की स्थिति बन सकती है।

रांची में सुबह से हो रही बारिशः

राज्य के कई हिस्सों में सोमवार सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन राजधानी रांची में पिछले दो दिनों से सुबह के समय हल्का कोहरा देखा जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश की मुख्य गतिविधि दोपहर बाद शुरू हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून टर्फ लाइन फिलहाल डालटनगंज के ऊपर से गुजर रही है, जिससे पूरे राज्य में इसका असर दिखाई दे रहा है। बीते 24 घंटे में झारखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी वर्षा दर्ज की गई है।

रविवार को लातेहार के चंदवा में सबसे अधिक 90.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं गोड्डा में अधिकतम तापमान 32.8°C और गुमला में न्यूनतम तापमान 21.6°C दर्ज किया गया। डालटनगंज में 19.6 मिमी वर्षा हुई। गौरतलब है कि इस वर्ष झारखंड में मानसून अब तक काफी सक्रिय रहा है। 1 जून से 6 जुलाई के बीच जहां औसतन 246.2 मिमी बारिश अपेक्षित थी, वहीं अब तक 417.2 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से 69% अधिक है। राज्य के अधिकांश जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है, केवल 4 जिलों में ही यह औसत से कम है।

इसे भी पढ़ें 

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: बदरीनाथ हाईवे बाधित, केदारनाथ यात्रा पर अस्थाई रूप से लगी रोक

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं