मुसाबनी : पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी वन क्षेत्र के उपरबांधा जंगल के पास करंट लगने से तीन हाथी के बच्चों समेत पांच हाथियों की मौत हो गयी। इनकी मौत 33000 वोल्ट के करेंट की चपेट में आने से हुई है। घटना सोमवार रात की है।
मामले का पता तब चला जब कुछ ग्रामीण सूखी लकडियां और पत्ते लाने के लिए जंगल में गये। उन्होंने जंगल में मरे हुए हाथियों को देखा और उनकी तस्वीरें खींच कर लाए। तब वन विभाग को मामले का पता चला। मृत हाथियों में तीन बच्चे, एक नर और एक मादा हाथी शामिल है। इन हाथियों की मौत की वजह वन विभाग की लापरवाही बतायी जा रही है।
दरअसल, ऊपरबांधा जंगल में केवल 11 फीट ऊपर से ही 33000 वोल्ट का तार गुजरा है। इधर, वन विभाग ने कुछ दिन पहले ही जंगल में ट्रेंच खोदा है और मिट्टी का टीला बगल में ही पड़ा रहने दिया। हाथी यहां से गुजर रहे थे। रास्ता पार करने के दौरान मादा हाथी मिट्टी के टीले पर चढ़ गयी। इसके बाद ऊपर से गुजर रहे 33000 वोल्ट के तार की चपेट में आ गयी। इसके बाद मादा हाथी के बच्चे और नर हाथी भी करेंट की चपेट में आकर जान गंवा बैठे। वन विभाग मामले की छानबीन में जुट गया है।







